'महाकाली' के टीजर में छाए अक्षय खन्ना

24 Aug 2026 14:09:53
अक्षय खन्ना - फोटो सोर्स एक्स


प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'महाकाली' का टीजर जारी कर दिया गया है। पूजा कोल्लुरु के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपने अनोखे विषय और दमदार स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही चर्चा में है। फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें दिग्गज अभिनेता अक्षय खन्ना पहली बार दैत्य गुरु शुक्राचार्य के किरदार में नजर आ रहे हैं। टीजर में उनका लुक इतना अलग और प्रभावशाली है कि उन्हें पहली नजर में पहचानना भी मुश्किल हो जाता है।

टीजर की शुरुआत शुक्राचार्य के किरदार से होती है, जो भगवान नारायण को अपना शत्रु मानते हैं और देवताओं से बदला लेने के लिए राक्षस रक्तबीज को तबाही मचाने का आदेश देते हैं। अक्षय खन्ना का रहस्यमयी और खौफनाक अवतार टीजर का सबसे बड़ा आकर्षण है। उनके संवाद, हाव-भाव और किरदार की नकारात्मक ऊर्जा फिल्म की दुनिया को लेकर उत्सुकता बढ़ाती है। एक बार फिर अक्षय अपने दमदार अभिनय और लुक से दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रहे हैं।

'महाकाली' को भारत की पहली फीमेल सुपरहीरो फिल्म के तौर पर पेश किया जा रहा है, जो मां काली की दिव्य शक्तियों से प्रेरित है। फिल्म में अभिनेत्री भूमि शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं, जबकि रोहित सराफ भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण रिवाज रमेश दुग्गल ने किया है। 'महाकाली' को तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0