गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद पुलिस ने जीता खिताब

24 Aug 2026 21:12:54
पुरस्कार मिलने की फोटो


नोएडा, 24 अगस्त (हि.स.)। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 27वीं अंतर जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। पुरुष वर्ग के फाइनल में कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने मुजफ्फरनगर को 6-0 से हराकर खिताब जीता। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद ने मेरठ को 1-0 से शिकस्त दी।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि पुरुष वर्ग के फाइनल में गौतमबुद्ध नगर की टीम ने बेहतर तालमेल के दम पर छह गोल किए। मुजफ्फरनगर की टीम पूरे मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। गौतमबुद्ध नगर ने 6-0 की एकतरफा जीत के साथ मेरठ जोन की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

उन्होंने बताया कि महिला वर्ग में मेरठ और गाजियाबाद के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन गाजियाबाद की टीम एक गोल करने में सफल रही। इसके बाद टीम ने मेरठ को कोई मौका नहीं दिया और 1-0 से जीत दर्ज कर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में मेरठ जोन के आठ जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें 122 पुरुष और 53 महिला समेत 175 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0