खरगे का आरोप- आरक्षण खत्म करने की साजिश रच रही सरकार

24 Aug 2026 19:06:53
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर आरक्षण खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चोर दरवाज़े से मोदी सरकार ने आरक्षण खत्म करने की योजना बना रही है।

खरगे ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 2015 में केंद्र सरकार में 4.21 लाख पद खाली थे, जो 2024 में बढ़कर 8.24 लाख हो गए। रेलवे में 2.40 लाख, रक्षा मंत्रालय में 2.41 लाख और गृह मंत्रालय में 1.10 लाख पद खाली हैं। सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) में 5.1 लाख स्थायी नौकरियां खत्म हो गईं और ठेका कर्मचारियों की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत से बढ़कर 49 प्रतिशत हो गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ रोजगार का सवाल नहीं बल्कि सामाजिक न्याय का मुद्दा है। सरकारी पद खाली रखने से आरक्षण का अवसर खत्म हो जाता है, पीएसयू बेचने से आरक्षित नौकरियां खत्म हो जाती हैं और स्थायी नौकरी को ठेके में बदलने से भी आरक्षण समाप्त हो जाता है।

खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा को संविधान बदलने की जरूरत नहीं है, बल्कि आरक्षण वाली नौकरियां खत्म कर देना ही काफी है। सरकार की यही नीति है कि पद खाली रखो, पीएसयू बेचो, ठेकेदारी बढ़ाओ और एससी, एसटी, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग से उनका संवैधानिक हक छीन लो।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0