बीजिंग पहुंचे एनएसए अजीत डोभाल, वांग यी के साथ सीमा मुद्दे पर अहम वार्ता

24 Aug 2026 22:14:53

बीजिंग, 25 अगस्त (हि.स.)। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भारत-चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के 25वें दौर में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग पहुंच गए हैं। डोभाल मंगलवार को चीन के विदेश मंत्री और राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य वांग यी के साथ सीमा मुद्दे पर अहम बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, अजीत डोभाल अपनी यात्रा के दौरान चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात करेंगे। भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों के बीच होने वाली यह वार्ता सीमा प्रश्न पर दोनों देशों के बीच बातचीत का प्रमुख माध्यम मानी जाती है।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि इस बैठक में दोनों पक्ष सीमा मुद्दे पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अगस्त में हुई 24वें दौर की वार्ता में दोनों देशों ने सीमा प्रश्न पर गहन चर्चा करते हुए कई साझा सहमतियां बनाई थीं।

प्रवक्ता के अनुसार, इस बार की बैठक में दोनों देश अपने शीर्ष नेताओं के बीच बनी सहमति की भावना के अनुरूप सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर चर्चा को आगे बढ़ाएंगे। इसके अलावा द्विपक्षीय संबंधों तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0