भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे नवीन-उल-हक

24 Aug 2026 18:16:53
नवीन उल हक


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक भारत के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम में चुने जाने के साथ लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। यह सीरीज अफगानिस्तान के नए टी-20 कप्तान इब्राहिम जादरान की कप्तानी में पहला कार्यभार भी होगी।

नवीन कंधे की चोट के कारण लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर थे। चोट के चलते वह पिछले साल एशिया कप और इस साल खेले गए टी-20 विश्व कप में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। बाद में उनके दाएं कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के लिए सर्जरी कराई गई।

26 वर्षीय नवीन ने 2023 विश्व कप के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

उन्होंने अफगानिस्तान के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर, 2024 में खेला था।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब की भी टीम में वापसी की पुष्टि की है। उनकी मौजूदगी से टीम के मध्यक्रम और गेंदबाजी विभाग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

घरेलू क्रिकेट और शपगीजा क्रिकेट लीग में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले विकेटकीपर नूर रहमान को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

15 सदस्यीय टीम में राशिद खान, मोहम्मद नबी, नूर अहमद और नांग्याल खारोटी के रूप में चार स्पिन गेंदबाज शामिल हैं।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0