
- पांच किलोमीटर पीछा कर पकड़ी कार, पुलिस पर फायरिंग कर भागे तस्कर
रतलाम, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान पासिंग कार से 2.495 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की। इसकी कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने करीब पांच किलोमीटर तक कार का पीछा किया। आरोपियों ने जंगल में कार छोड़ दी और फायरिंग करते हुए भाग गए। पुलिस ने कार जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मावता चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक आरजे 27 सीपी 3608 से लखन पुत्र भेरुलाल मीणा और उसके तीन साथी एमडी ड्रग्स लेकर जा रहे हैं। वे बेहपुर-मंदसौर की तरफ से मावता होते हुए रियावन की ओर जाने वाले थे।
सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। कालूखेड़ा थाना प्रभारी शंकरसिंह चौहान के साथ पुलिस टीम ने रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की। पुलिस को मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की काली क्रेटा कार आती दिखाई दी तो उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से रियावन की ओर भगाने लगा। पुलिस ने करीब पांच किलोमीटर पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख आरोपी कार को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गए।
रास्ता कच्चा और उबड़-खाबड़ होने के कारण आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल में कार छोड़ दी। इसके बाद कार में सवार लखन मीणा, चालक और उसके दो अन्य साथी फायरिंग करते हुए झाड़ियों और जंगल की ओर भाग गए। पुलिस टीम ने आसपास के खेतों और झाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर कार की तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे हरे रंग के कपड़े की थैली मिली। इसमें तीन पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियां थीं। इनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा और क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। जांच में यह एमडी ड्रग्स पाया गया। तीनों पैकेटों का कुल वजन 2 किलो 495 ग्राम निकला। पुलिस ने फरार तस्कर लखन पुत्र भेरुलाल मीणा, कार चालक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि आरोपी फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है। एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार और पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर