
नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 15 रन से हराकर दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के फाइनल में जगह बनाने वाली साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बल्लेबाज अनमोल शर्मा ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। क्वालीफायर-1 में 67 रन की शानदार पारी खेलने वाले अनमोल ने कहा कि पिछले कुछ मैचों में पूरी टीम के सामूहिक प्रदर्शन का नतीजा फाइनल में पहुंचने के रूप में सामने आया है।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 193 रन बनाए और इसके बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 19.4 ओवर में 178 रन पर समेटकर मुकाबला 15 रन से जीत लिया।
जीत के बाद अनमोल ने कहा कि सेंट्रल दिल्ली लीग चरण की मजबूत और प्रभावशाली टीम रही थी, इसलिए मुकाबले से पहले टीम ने अपनी रणनीति के तहत गलतियों को कम से कम करने पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच-छह मुकाबलों से टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और लगभग हर खिलाड़ी ने जीत में योगदान दिया है।
अनमोल ने शुरुआती विकेट गिरने के बाद कप्तान तेजस्वी दहिया के साथ हुई अहम साझेदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय किसी विशेष योजना के बजाय दोनों बल्लेबाजों का पूरा ध्यान साझेदारी को मजबूत करने और अधिक से अधिक समय तक क्रीज पर टिके रहने पर था।
अनमोल ने 42 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली, जबकि तेजस्वी दहिया ने 33 गेंदों में 57 रन बनाए। दोनों की शानदार बल्लेबाजी ने साउथ दिल्ली को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय