
विजयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। कर्नाटक के विजयपुरा के आदर्शनगर थाना क्षेत्र स्थित भूतनाल झील से एक ही परिवार के छह लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों में मां और उसके पांच बच्चे शामिल हैं। इनकी पहचान तोरवी शांतिनगर निवासी मल्लिकार्जुन जालगेरी की पत्नी शोभा (35) तथा उनके बच्चों विद्या (15), सुवर्णा (13), टिप्पराय (12), सानिका (10) और विकास (6) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को शोभा और उनके बच्चों के लापता होने की शिकायत विजयपुर ग्रामीण थाने में दर्ज कराई गई थी। मल्लिकार्जुन जालगेरी ने शिकायत में बताया था कि पारिवारिक मामले को लेकर शोभा बच्चों को साथ लेकर घर से चली गई थीं।
पुलिस लापता मां और बच्चों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान भूतनाल झील से सभी के शव बरामद हुए। पुलिस ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए विजयपुर के बीएलडीई अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी ने बताया कि ये लोग झील तक कैसे पहुंचे, घटना किस परिस्थिति में हुई और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.