नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में बाढ़ का खतरा,गृहमंत्री ने किया आगाह

26 Aug 2026 10:22:53
तिब्बत में ताल फूटने के बाद का दृश्य


काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने रसुवा में भोटेकोशी नदी में तिब्बत की ओर से बड़ी बाढ़ आने के बाद नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

गृहमंत्री की ओर से जारी अत्यावश्यक सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के तटीय क्षेत्र मुग्लिन तक उच्च सतर्कता और उच्च जोखिम में हैं। इसलिए रसुवा, धादिङ, गोरखा, चितवन और नुवाकोट जिलों के नदी किनारे रहने वाले परिवारों से अगले आदेश तक सुरक्षित स्थानों पर रहने का अनुरोध किया गया है।

सूचना में कहा गया है कि यदि किसी स्थान पर खोज एवं बचाव की आवश्यकता हो या किसी प्रकार की सहायता की जरूरत महसूस हो तो तत्काल टोल-फ्री नंबर 1234 पर संपर्क किया जाए।

गृहमंत्री ने लोगों से पृथ्वी राजमार्ग- गल्छी–नुवाकोट–रसुवा–स्याफ्रुबेसी सड़क तथा मुग्लिन–नारायणगढ़ सड़क पर यात्रा नहीं करने और इन मार्गों पर आवागमन पूरी तरह रोकने का भी आग्रह किया है। सरकार ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0