प्रधानमंत्री आज पहली बार संसद में सवालों का औपचारिक जवाब देंगे

युगवार्ता    26-Aug-2026
Total Views |
संसद में प्रवेश करते प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। देश की बागडोर संभालने के करीब पांच महीने बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज पहली बार संसद में औपचारिक रूप से सांसदों के सवालों का जवाब देंगे। सांसदों के लिखित सवालों के जवाब देने की संसदीय परंपरा है, लेकिन शाह इससे बचते रहे हैं।

प्रतिनिधिसभा की 17 अगस्त की बैठक में स्पीकर डोलप्रसाद अर्याल ने इसके लिए 26 अगस्त की तारीख तय की थी। दोपहर 1 बजे आहूत संसद की बैठक में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम रखा गया है।

विपक्ष के 11 सांसदों ने अपने सवाल संसद सचिवालय में जमा कर दिए हैं। यह सवाल गैस और खाद की कमी, भूमिहीन परिवारों के विस्थापन, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार, सीमा संबंधी समस्याओं से लेकर प्रधानमंत्री की कार्यशैली तक केंद्रित हैं।

संसद सचिवालय ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) सहित संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले सभी दलों के कुल 15 सांसदों से सवाल भेजने को कहा था, लेकिन आरएसपी के केवल तीन सांसदों ने सवाल भेजे हैं। नियमावली में एक बैठक के प्रश्नोत्तर सत्र में 15 सवाल पूछे जाने की व्यवस्था है।

सांसदों के सवाल संसद सचिवालय के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच चुके हैं। इस बार प्रतिनिधिसभा में प्रतिनिधित्व करने वाले सभी दलों को कम से कम एक सवाल और बाकी सवाल दलों की संसदीय उपस्थिति के आधार पर देने की व्यवस्था अपनाई गई है।

इसके अनुसार सत्तारूढ़ आरएसपी को सात, नेपाली कांग्रेस को दो, नेकपा (एमाले) को दो, नेकपा को दो तथा श्रम संस्कृति पार्टी और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) को एक-एक सवाल मिला है। संसद सचिवालय के एक सूत्र के अनुसार रास्वपा की ओर से चार सांसदों ने सवाल भेजे हैं। सांसद बुधवार को संसद बैठक में पंजीकृत सवाल उठाकर पूछेंगे, जबकि प्रधानमंत्री तैयार करके लाए गए जवाब सदन में सुनाएंगे।

27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले शाह 31 मई को अचानक सदन में पहुंचे थे। उन्होंने स्पीकर से समय लेकर सांसदों के सवालों का जवाब दिया था। विपक्षी दलों ने इसे प्रतिनिधिसभा नियमावली के नियम 56 का उल्लेख करते हुए प्रक्रिया के अनुरूप नहीं होने की बात कहकर सचेत किया था। आज नियम 56 के प्रावधान के अनुसार प्रत्यक्ष प्रश्नोत्तर होने जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags