बाढ़ प्रभावितों के प्रति आरएसएस ने जताई संवेदना

26 Aug 2026 23:39:53
आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का एक्स पोस्ट


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने नेपाल के उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्रों में आई विनाशकारी बाढ़ पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आरएसए ने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और प्रभावित तथा घायल लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है।

आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि बुधवार सुबह नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने रसुवा, धादिंग, नुवाकोट, चितवन और पूर्वी नवलपरासी जिलों को प्रभावित किया है। इस आपदा से इन जिलों में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस कठिन घड़ी में आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए तैयार है और जरूरतमंदों तक हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास करेगा। आरएसएस ने लोगों से भी इस अभूतपूर्व आपदा की स्थिति में आगे आकर पीड़ितों की हरसंभव सहायता करने की अपील की है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0