ओवैसी के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा- पहनावे को धार्मिक हथियार के रूप में नहीं किया जाना चाहिए इस्तेमाल

26 Aug 2026 20:28:53
भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्कूल में हिजाब को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को जहां ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन' (एआईएमआईएम) पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असंवैधानिक बताया वहीं, भाजपा ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। भारतीय जनता पार्टी ने ओवैसी ने बयान पर पलवार करते हुए कहा कि पहनावे को राजनैतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल नही किया जाना चाहिए।

स्कूल में हिजाब पहनने की अनुमति देने की मांग वाली छात्रा की याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने इस फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कुरान शरीफ में हिजाब को अनिवार्य किए जाने का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है और इसे इस्लाम का अनिवार्य हिस्सा बताना सही नहीं है।

शाजिया इल्मी ने कहा कि लोग सांस्कृतिक कारणों से हिजाब पहन सकते हैं, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि हिजाब इस्लाम का अनिवार्य या आवश्यक धार्मिक अंग नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसे दावे करने से पहले इस्लाम को गंभीरता से समझना और पढ़ना चाहिए।

उन्होंने बुर्के को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि लड़कियों को यह मानने के लिए तैयार नहीं किया जाना चाहिए कि बुर्का उनके लिए आवश्यक है।

भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि युवा मुस्लिम लड़कियों के पहनावे को एक धार्मिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि काश ओवैसी जी ने कुरान शरीफ को पढ़ा होता।

उल्लेखनीय है कि असदुद्दीन ओवैसी ने हिजाब के मामले पर नाराजगी जताते हुए इसे असंवैधानिक बताया। हाईकोर्ट ने स्कूलों में हिजाब पहनने के की मांग को मंगलवार को खारिज कर दिया था। ओवैसी ने इसे इस्लाम पर हमला करार देते हुए इसे संविधान के खिलाफ भी बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0