साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 15 रन से हराकर डीपीएल फाइनल में बनाई जगह

26 Aug 2026 21:39:53
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 15 रन से हराकर डीपीएल फाइनल में बनाई जगह


नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। अनमोल शर्मा और कप्तान तेजस्वी दहिया की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन की बदौलत साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के क्वालीफायर-1 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 15 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ साउथ दिल्ली ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि सेंट्रल दिल्ली किंग्स को अब फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालीफायर-2 खेलना होगा।

अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 20 ओवर में सात विकेट पर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम को अनमोल शर्मा ने 42 गेंदों में 67 रन की शानदार पारी खेलकर बेहतरीन शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए।

कप्तान और विकेटकीपर तेजस्वी दहिया ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने टीम की पारी को मजबूत आधार दिया। अंतिम ओवरों में प्रांशु विजयरण ने नाबाद 11 और विजन पंचाल ने नाबाद 7 रन का योगदान दिया।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से गवनिश खुराना ने तीन विकेट लिए, जबकि केशव डाबस को दो सफलताएं मिलीं।

194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली की शुरुआत खराब रही और टीम 71 रन तक पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद केशव डाबस और वंश बेदी ने जोरदार पलटवार करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। डाबस ने 35 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि बेदी ने सिर्फ 24 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली।

हालांकि, साउथ दिल्ली के गेंदबाजों ने अंतिम समय में दबाव बनाए रखा। दिवांश रावत ने 3/29 का प्रभावी प्रदर्शन किया, जबकि विजन पंचाल ने दो विकेट लेकर निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभाई। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम 19.4 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।

15 रन की इस जीत के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने डीपीएल 2026 के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0