यूपी टी-20 क्रिकेट लीग में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर : डीजीपी

26 Aug 2026 23:58:53
खिलाड़ी को पुरस्कृत करते डीजीपी


लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने गोरखपुर लायंस एवं कानपुर सुपर स्टार्स के बीच खेले गये मुकाबले में कानपुर सुपर स्टार्स के खिलाड़ी आदर्श सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद डीजीपी ने नोएडा सुपर किंग्स एवं काशी रुद्रास के बीच खेले गये दूसरे मुकाबले का टॉस कर मैच का शुभारम्भ किया।

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ में गोरखपुर लायंस एवं कानपुर सुपरस्टार्स के बीच खेले गये यूपी टी-20 लीग मैच के प्रथम मुकाबले में कानपुर सुपर स्टार्स के खिलाड़ी आदर्श सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। तत्पश्चात नोएडा सुपर किंग्स और काशी रुद्रास टीमों के बीच खेले जा रहे यूपी टी-20 लीग के दूसरे मुकाबले का टॉस कर बुधवार को शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर डीजीपी ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश, विशेषकर लखनऊ में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों में पुलिस द्वारा उत्कृष्ट सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे ये आयोजन सफलतापूर्वक एवं निर्बाध रुप से संपन्न हुए हैं। यह क्रिकेट लीग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित हो रही है, जो प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर और प्रेरणा प्रदान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Powered By Sangraha 9.0