
मुंबई, 26 अगस्त (हि.स.)। डायरेक्टरेट ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने पुणे रेलवे जंक्शन पर करीब 3.41 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ भारतीय महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। डीआरआई टीम मामले की गहन छानबीन कर रही है।
डीआरआई अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आ रही ट्रेन में ड्रग्स की खेप के साथ महिला के आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर डीआरआई टीम ने पुणे स्टेशन पर निगरानी रखी थी।
मंगलवार को जैसे ही दिल्ली से आ रही ट्रेन पुणे स्टेशन पर रुकी, डीआरआई टीम ने संबंधित महिला के सामान की तलाशी ली। महिला के सामान में 2,532 ग्राम सफेद/पीले रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला, जिसके एम्फेटामाइन होने का संदेह है। इसके अलावा 878 ग्राम अलग-अलग रंगों की गोलियां बरामद हुईं, जिनके एमडीएमए होने का शक है। इन सभी नशीले पदार्थ को डीआरआई की टीम ने जब्त कर लिया।
जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 3.41 करोड़ रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। एजेंसी इन पदार्थों के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के साथ-साथ इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव