
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नव नियुक्त महासचिवों के साथ गुरुवार को पहली बैठक में विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया।
पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, सतीश पुनिया, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी एवं हरीश द्विवेदी और केंद्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में विनोद तावडे और स्मृति ईरानी ने नितिन नवीन का स्वागत किया।
बैठक के बाद एक वीडियो साझा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि आज मुख्यालय में नव नियुक्त महासचिव के साथ हुई बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और आगे की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन को और मजबूत करने तथा प्रभावी चुनावी रोडमैप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी