आईसीसी ने यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर लगाया 15 महीने का प्रतिबंध

27 Aug 2026 17:05:53
आसिफ खान


दुबई, 27 अगस्त (हि.स.) ।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने संयुक्त अरब अमीरात के बल्लेबाज आसिफ खान पर प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के मामले में 15 महीने का प्रतिबंध लगाया है। आसिफ ने प्रतिबंध स्वीकार कर लिया है। जांच में उनके नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ मेस्टेरोलोन का मेटाबोलाइट पाया गया था।

आसिफ पर लगाया गया प्रतिबंध 8 सितंबर, 2025 से प्रभावी माना गया है। इसी दिन उनका प्रतियोगिता से बाहर डोप परीक्षण किया गया था। उनका प्रतिबंध 7 दिसंबर 2026 तक चलेगा।

आसिफ ने 2022 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के बाद संयुक्त अरब अमीरात के लिए 38 एकदिवसीय और 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने आईसीसी एंटी-डोपिंग संहिता के अनुच्छेद 2.1 के उल्लंघन को स्वीकार किया है।

आसिफ ने विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के साथ हुए केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत प्रस्तावित सजा को स्वीकार किया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

8 सितंबर, 2025 से 29 दिसंबर, 2025 को उनके अस्थायी निलंबन की शुरुआत तक के व्यक्तिगत परिणाम भी आईसीसी एंटी-डोपिंग संहिता के तहत अमान्य कर दिए गए हैं। इसके तहत उनके पदक, अंक, पुरस्कार राशि और अन्य पुरस्कार भी वापस लिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0