
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी भी आई, लेकिन यह तेजी टिकाऊ नहीं हो सकी। कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.15 प्रतिशत और निफ्टी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 103.82 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,576.76 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 120 अंक उछल कर 77,694.97 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक ने थोड़ी देर में ही अपनी सारी बढ़त गंवा दी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 112.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,360.24 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 69.85 अंक यानी 0.29 प्रतिशत उछल कर 24,277.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से पहले मिनट में ही यह सूचकांक लगभग 90 अंक की तेजी के साथ 24,297.45 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि निफ्टी की यह तेजी टिक नहीं सकी। कुछ देर में ही बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 16.45 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,191.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,919 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,254 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,665 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोटक महिंद्रा, अदानी एंटरप्राइजेज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर 2.23 प्रतिशत से लेकर 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, एचडीएफसी बैंक, इंटरग्लोब एवियेशन और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 1.89 प्रतिशत से लेकर 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 183.15 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,472.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 126.80 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,207.75 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक