नेपाल त्रासदी में मुकुल राय की पुत्रवधू शर्मिष्ठा भौमिक राय भी लापता, परिवार की बढ़ी चिंता

27 Aug 2026 15:36:53
शुभ्रांशु और शप्मिष्ठा


कोलकाता, 27 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में बुधवार को आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद पश्चिम बंगाल के कई पर्यटकों से संपर्क टूट गया है। लापता लोगों की सूची में दिवंगत भाजपा नेता मुकुल राय की पुत्रवधू शर्मिष्ठा भौमिक राय का नाम भी शामिल है। शर्मिष्ठा 21 अगस्त को एक यात्रा एजेंसी के साथ नेपाल गई थीं।

शर्मिष्ठा के पति शुभ्रांशु राय ने बताया कि बुधवार से उनसे किसी भी तरह संपर्क नहीं हो सका है। परिवार लगातार उनकी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा है। शर्मिष्ठा के लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

नेपाल में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक भीषण बाढ़ आने से भारी तबाही हुई। कई गांव प्रभावित हुए हैं और बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने तथा लापता होने की सूचना है। इस आपदा की चपेट में भारतीय पर्यटक भी आए हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के कई जिलों के लोग शामिल हैं, जो कैलाश-मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे।

पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार, राज्य के 36 पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। लापता लोगों में कोलकाता के अलावा हुगली, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बर्दवान और दार्जिलिंग जिले के पर्यटक भी शामिल हैं।

कोलकाता के नाकतला की रहने वाली रीना बंद्योपाध्याय भी 21 अगस्त को नेपाल गई थीं। उनके परिवार का कहना है कि यात्रा एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद रीना के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, कसबा की रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका सुस्मिता भट्टाचार्य भी इसी तरह लापता हैं। वह 30 लोगों के एक समूह के साथ नेपाल गई थीं और काठमांडू पहुंचने के बाद समूह कैलाश-मानसरोवर की ओर रवाना हुआ था।

दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर की सॉफ्टवेयर इंजीनियर लोपामुद्रा कुंडू से भी संपर्क टूट गया है। परिवार के अनुसार, आपदा से पहले उन्होंने फोन पर बताया था कि वह चीन सीमा के पास हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।

पश्चिम बर्दवान के दुर्गापुर के देवाशीष बंद्योपाध्याय और उनकी पत्नी संघमित्रा भी लापता हैं। दोनों 21 अगस्त को कैलाश-मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे। दुर्गापुर के ही अरिंदम गंगोपाध्याय और मौसुमी गंगोपाध्याय से भी परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस यात्रा एजेंसी के साथ दुर्गापुर से कुल छह लोग गए थे।

उत्तर 24 परगना के बशीरहाट के सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती स्वपन मंडल और मौ मंडल भी नेपाल गए थे। आपदा के बाद से दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं और परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिली है।

हुगली के तारकेश्वर निवासी स्नेहाशीष दत्त और यात्रा एजेंसी के कर्मचारी जयंत सान्याल भी लापता हैं। परिवार के मुताबिक, बुधवार सुबह स्नेहाशीष ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी और बताया था कि वे आव्रजन कार्यालय जा रहे हैं। इसके बाद संपर्क टूट गया।

दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी निवासी समर मंडल भी कैलाश-मानसरोवर यात्रा के दौरान लापता हो गए हैं। उन्होंने 16 अगस्त को सिलीगुड़ी से नेपाल के लिए प्रस्थान किया था। मंगलवार को परिवार से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। उनके भाई अब उनकी तलाश में काठमांडू के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल की इस त्रासदी के बाद पश्चिम बंगाल के कई परिवार अपनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के स्तर पर लापता पर्यटकों की जानकारी जुटाने और उन्हें तलाशने के प्रयास जारी हैं। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0