(अपडेट) मप्रः पैसे दोगुने करने का झांसा देकर दो करोड़ की धोखाधड़ी का पर्दाफाश, 14 आरोपित गिरफ्तार

27 Aug 2026 22:07:53
दो करोड़ की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस जब्त रुपयों के साथ


- 1.73 करोड़ नकद, 04 कार, 19 मोबाइल सहित लगभग 2.92 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन मनीट्रेप के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लगभग दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 73 लाख रुपये नकद, 04 चार पहिया वाहन, 19 एंड्रॉयड मोबाइल सहित लगभग 2 करोड़ 92 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि 24 जुलाई को ब्यावरा निवासी फरियादी द्वारा थाना ब्यावरा शहर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपितों ने स्वयं को बड़ी कंपनी से जुड़े लोगों का परिचित बताते हुए निवेश की राशि दोगुनी करने का लालच दिया। आरोपितों ने फर्जी ई-मेल, दस्तावेज एवं भुगतान संबंधी संदेश दिखाकर फरियादी का विश्वास हासिल किया और 2 करोड़ निवेश करने पर अधिक राशि वापस मिलने का झांसा दिया।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, आरोपितों द्वारा भोपाल में फरियादी से दो करोड़ रुपये की नकद राशि प्राप्त की गई। इसके बाद उसे हवाला के माध्यम से राशि भेजने तथा भुगतान किए जाने का विश्वास दिलाने के लिए 4 करोड़ रुपये के आरटीजीएस का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाया गया। राशि वापस नहीं मिलने पर फरियादी को धोखाधड़ी का पता चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी एवं ठगी की राशि की बरामदगी के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया गया।

10 राज्यों में करीब 30 हजार किलोमीटर तक पुलिस की लगातार कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने बताया कि पुलिस की टीमों ने आरोपितों के मूवमेंट एवं आपसी कनेक्शन की कड़ियां जोड़ने के लिए 3,000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस टीमों ने लगभग 30 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए करीब 35 दिनों तक लगातार कार्रवाई की तथा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा सहित 10 राज्यों में दबिश देकर 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से कई स्तरों पर काम करता था। पहले ऐसे लोगों की पहचान की जाती थी, जिन्हें निवेश के नाम पर बड़ी राशि लगाने के लिए तैयार किया जा सके। इसके बाद बड़ी कंपनी का नाम, महंगी गाड़ियां, होटल में बैठक एवं व्यवस्थित दस्तावेजों के माध्यम से पीड़ित का विश्वास जीता जाता था। इसके बाद फर्जी ई-मेल, स्वीकृति-पत्र एवं भुगतान संदेशों के माध्यम से निवेश को वास्तविक बताया जाता था। पीड़ित से अधिकतम राशि नकद में प्राप्त करने के बाद उसे हवाला अथवा आंगड़िया नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग व्यक्तियों एवं शहरों तक पहुंचाया जाता था। राशि प्राप्त होने के बाद गिरोह के सदस्य आपस में रकम बांटकर अपने ठिकाने, मोबाइल नंबर एवं शहर बदल देते थे।

गिरोह की विशेष कार्यप्रणाली यह थी कि प्रत्येक लिंक पर आरोपित अपना वास्तविक नाम छिपाकर ट्रेड नाम का उपयोग करते थे। गिरोह में प्रत्येक व्यक्ति सामान्यतः अपने से ऊपर एवं नीचे की लिंक से ही संपर्क में रहता था, जिससे पूरी नेटवर्क संरचना की जानकारी किसी एक व्यक्ति को नहीं होती थी।

फर्जी कंपनी प्रतिनिधियों से लेकर आंगड़िया नेटवर्क तक फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य कंपनी कर्मचारी एवं एजेंट के रूप में पीड़ित की पहचान एवं संपर्क स्थापित करने का कार्य करते थे, जबकि अन्य सदस्य कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट, डायरेक्टर एवं अन्य प्रतिनिधियों के रूप में स्वयं को प्रस्तुत कर निवेश योजना को विश्वसनीय बताते थे।

भोपाल एवं ब्यावरा के होटलों में बैठकों के माध्यम से पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया गया। इसके बाद भोपाल के जहांगीराबाद स्थित एक कोरियर कार्यालय पर पीड़ित से दो करोड़ की नकद राशि प्राप्त की गई। गिरोह के सदस्यों ने राशि प्राप्त करने के बाद 4 करोड़ के आरटीजीएस का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर पीड़ित को भ्रमित किया और मौके से फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि राशि प्राप्त होने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा इसे महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचाने, बांटने एवं खपाने का कार्य किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरोह द्वारा इंदौर में भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की योजना बनाई गई थी, जिसे राजगढ़ पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी के कारण अंजाम नहीं दिया जा सका। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा पश्चिम बंगाल में लगभग 50 लाख रुपये तथा दिल्ली में एक पुलिस अधिकारी के साथ भी लगभग 50 लाख की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरोह से जुड़े व्यक्तियों के कार्यालय उदयपुर, पश्चिम बंगाल, इंदौर, भोपाल, दिल्ली एवं मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित होने की जानकारी प्राप्त हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों, फर्जी कंपनियों एवं ई-मेल के संचालन, हवाला और आंगड़िया नेटवर्क, बैंक खातों तथा ठगी की राशि के लेन-देन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जब्त मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच भी जारी है।

अंतरराज्यीय समन्वय से मिली सफलता

इस पूरी कार्रवाई में राजगढ़ पुलिस की विशेष टीमों के साथ मुंबई, नांदेड़, लातूर, भदोही, पुणे, हैदराबाद, केरल, तेलंगाना एवं भोपाल सहित विभिन्न स्थानों की पुलिस इकाइयों ने आरोपितों की गिरफ्तारी एवं ठगी की राशि की बरामदगी में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, अत्यधिक लाभ देने अथवा किसी बड़ी कंपनी के नाम पर निवेश का लालच देने वाले व्यक्तियों पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले संबंधित कंपनी, व्यक्ति एवं योजना का आधिकारिक माध्यम से सत्यापन अवश्य करें। संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0