

-आईआईआईटी इलाहाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया रक्षाबंधन उत्सव, 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा
प्रयागराज, 28 अगस्त (हि.स.)। धर्म किसी एक व्यक्ति द्वारा शुरू किया गया तत्व नहीं, बल्कि वे सार्वभौमिक मूल्य हैं जो समाज को जोड़कर रखते हैं। भगवा ध्वज धर्म का प्रतीक है, इसलिए इसे रक्षा सूत्र बांधकर धर्म की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उक्त बातें शुक्रवार को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान इलाहाबाद (आईआईआईटी) के सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आयोजित रक्षाबंधन उत्सव काे संबोधित करते हुए बतौर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कही।
उन्होंने कहा कि ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ की भावना के साथ समाज में एकता, आत्मीयता और बंधुत्व को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत बहुभाषी, बहुधार्मिक और बहुसांस्कृतिक देश है। विविधताओं के बीच समाज को जोड़कर रखने का काम भारतीय जीवन मूल्यों ने किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में बड़े सामाजिक आंदोलनों के दौरान भी लोग गंगा तट पर एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर एकता और समर्पण का संकल्प लेते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रखना चाहिए। यह समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के प्रति अपनत्व, सुरक्षा और संरक्षण की भावना का पर्व भी है। संघ ने इसी व्यापक भावना के साथ रक्षाबंधन को सामाजिक समरसता और बंधुत्व से जोड़ने का प्रयास किया है।
डॉ. कृष्ण गोपाल ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि भौतिक सुविधाएं बढ़ने के बावजूद मनुष्य के भीतर अकेलापन बढ़ रहा है। अपार्टमेंट संस्कृति के कारण लोगों के बीच आत्मीय संपर्क कम हो रहा है। ऐसे में समाज में परस्पर स्नेह, आत्मीयता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना जरूरी है।
उन्होंने आह्वान किया कि देशवासी एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर आपसी स्नेह, सहयोग और सुरक्षा का संकल्प लें। इससे सामाजिक सौहार्द्र और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईआईटी इलाहाबाद के निदेशक मुकुल शरद सुतावणे ने की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में रिश्तों और आपसी संरक्षण की भावना का पर्व है। यह अब केवल भाई-बहन तक सीमित न रहकर समाज में कमजोर और मजबूत वर्गों के बीच सुरक्षा एवं संरक्षण का भाव स्थापित करने वाला उत्सव बन गया है।
मंच पर विभाग संघचालक डॉ. कृष्ण पाल और नगर संघचालक रामेश्वर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र, सह-भाग कार्यवाह दक्षिण भाग ने किया। संघ के छह प्रमुख उत्सवों में शामिल रक्षाबंधन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक सुबंधु, विभाग सह कार्यवाह आशीष मोहन, जिला प्रचारक अंकित, विभाग प्रचार प्रमुख वसु, कृष्णामनोहर, विकास, राजदेव, राजेश सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और प्रचारक मौजूद रहे। कार्यक्रम में 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल