एनएएम की 65वीं वर्षगांठ पर बेलग्रेड में किरेन रिजिजू करेंगे भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

29 Aug 2026 11:22:53
किरेन रिजीजू


नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू 31 अगस्त और एक सितंबर को सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में होने वाली गुटनिरपेक्ष आंदोलन (एनएएम) के पहले शिखर सम्मेलन की 65वीं वर्षगांठ के उच्चस्तरीय स्मृति कार्यक्रम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक की विषयवस्तु ‘गुटनिरपेक्षता की विरासत : आज की दुनिया के लिए सबक’ रखी गई है। भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का संस्थापक सदस्य है और आंदोलन के सिद्धांतों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता कायम रखे हुए है।

गुटनिरपेक्ष आंदोलन में वर्तमान में 121 विकासशील देश शामिल हैं। यह आंदोलन ऐतिहासिक रूप से विकासशील देशों को एक साझा मंच है। भारत ने आंदोलन की स्थापना और इसके उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बेलग्रेड में होने वाली उच्चस्तरीय स्मृति बैठक में गुटनिरपेक्षता की विरासत और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में इसकी प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श होगा। बैठक में आंदोलन के मूल सिद्धांतों और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

गुटनिरपेक्ष आंदोलन का पहला राष्ट्राध्यक्ष एवं शासनाध्यक्ष सम्मेलन सितंबर 1961 में बेलग्रेड में आयोजित किया गया था। भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू आंदोलन के प्रमुख संस्थापक नेताओं में शामिल थे। आंदोलन का उद्देश्य देशों को किसी सैन्य गुट का हिस्सा बने बिना स्वतंत्र विदेश नीति अपनाने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना था।

भारत ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन के माध्यम से विकासशील देशों की संप्रभुता, स्वतंत्र विदेश नीति, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों को लगातार आगे बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0