इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी, छात्रों से करेंगे सीधा संवाद

29 Aug 2026 19:28:53
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंदौर में हुई कांग्रेस की बैठक


- इंदौर में 8 या 12 सितंबर को हो सकता है कार्यक्रम, कांग्रेस ने नगर निगम से मांगी अनुमति

इंदौर, 29 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जल्द ही मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आगमन होने जा रहा है। पार्टी बड़े स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें राहुल गांधी के शामिल होंगे और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर बैठक हुई। इसमें केबी बायजु, सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले, रीना बोरासी सहित अन्य नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल और छात्रों की भागीदारी सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। कांग्रेस की योजना इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की है। साथ ही युवाओं के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने पर भी फोकस रहेगा।

वहीं, इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने शहर के स्तर पर 'छात्रों की गूंज' शीर्षक से एक विशाल जन संवाद कार्यक्रम को लेकर इंदौर नगर पालिक निगम के आयुक्त को एक औपचारिक आवेदन पत्र प्रेषित कर आयोजन स्थल की अनुमति मांगी है। प्रेषित पत्र में 8 सितंबर से लेकर 12 सितंबर तक की समयावधि के लिए शहर के मध्य स्थित प्रमुख खेल परिसर नेहरू स्टेडियम को पूरी तरह से आरक्षित किए जाने का विशेष अनुरोध किया गया है।

आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए चिंटू चौकसे ने बताया कि राष्ट्रव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान के अंतर्गत राहुल गांधी देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर छात्रों से सीधे बातचीत कर रहे हैं। इंदौर में आयोजित होने वाले इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से वे युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण ज्वलंत विषयों जैसे शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, शिक्षण संस्थानों में फीस बढ़ोतरी, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और युवाओं की अन्य प्रमुख समस्याओं पर खुलकर विमर्श करेंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के मुताबिक, इस भव्य संवाद कार्यक्रम में इंदौर शहर के साथ-साथ आसपास के विभिन्न जिलों से भी भारी संख्या में छात्रों और युवा वर्ग के शामिल होने की मजबूत संभावना जताई जा रही है। संभावित विशाल जनसमूह और युवाओं की भारी उपस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए विशाल नेहरू स्टेडियम को इस वृहद कार्यक्रम के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना गया है। सुरक्षा मानकों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और प्रारंभिक तैयारियों को पूर्ण करने के उद्देश्य से 8 से 12 सितंबर तक के लिए स्टेडियम आरक्षण की मांग रखी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0