नीरज चोपड़ा चोट के कारण डायमंड लीग फाइनल और एशियाई खेलों से बाहर

29 Aug 2026 16:04:53
नीरज चोपड़ा


नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शनिवार को टखने की चोट के कारण मौजूदा सत्र के बाकी सभी मुकाबलों से हटने का फैसला किया। इसके साथ ही वह अगले सप्ताह ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल और सितंबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

28 वर्षीय नीरज ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि लॉजेन डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के कुछ समय बाद अभ्यास के दौरान उनके टखने के लिगामेंट में चोट लगी। उन्होंने डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा के बाद पूरे सत्र से बाहर रहने का फैसला किया है।

नीरज ने कहा, “कड़ी मेहनत के बाद मुझे आखिरकार लॉजेन में सत्र के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ उस लय का एहसास होने लगा था, जिसकी मैं तलाश कर रहा था। दुर्भाग्य से इसके कुछ समय बाद अभ्यास के दौरान मेरे टखने के लिगामेंट में चोट लग गई। डॉक्टर और टीम से चर्चा के बाद हमने फैसला किया है कि मैं इस सत्र के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लूंगा।”

नीरज का इस सत्र में आखिरी मुकाबला लॉजेन डायमंड लीग था, जहां उन्होंने 88.05 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता था। इससे पहले दोहा डायमंड लीग में वह 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

सिर्फ दो डायमंड लीग मुकाबलों में हिस्सा लेने के बावजूद नीरज ने ब्रसेल्स फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और इस सत्र के छठे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में फाइनल में जगह बनाई थी। अब चोट के कारण वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

नीरज ने जुलाई में ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक जीता था। उन्होंने वहां 85.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था।

उन्होंने कहा, “यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लगा था कि मैं अपनी लय हासिल करने के करीब हूं, लेकिन जैसा कहा जाता है, मुश्किलें सफर का हिस्सा होती हैं। अब मेरा ध्यान अच्छी तरह से उबरने और पहले से ज्यादा मजबूत होकर वापसी करने पर है।”

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन नीरज ने पिछले एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.88 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने उस प्रतियोगिता में भाला फेंक में ऐतिहासिक स्वर्ण एवं रजत पदक जीता था। किशोर जेना ने रजत पदक हासिल किया था।

आइची-नागोया एशियाई खेलों में नीरज की अनुपस्थिति में रोहित यादव भारत की ओर से भाला फेंक स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे। रोहित राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने से चूक गए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0