
वोकिंग, 29 अगस्त (हि.स.)। मौजूदा फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन लैंडो नॉरिस ने मैकलारेन के साथ अपना करार 2030 सत्र के अंत तक बढ़ा दिया है। नए करार में आगे भी टीम के साथ जुड़े रहने का विकल्प शामिल है।
26 वर्षीय नॉरिस ने यह घोषणा वोकिंग स्थित मैकलारेन के कारखाने में आयोजित ‘फ्रेंड्स एंड फैमिली डे’ के दौरान टीम के कर्मचारियों के सामने की। उन्होंने हाल ही में हंगरी और नीदरलैंड्स में लगातार दो रेस जीती थीं।
नॉरिस ने पिछले सत्र में मैकलारेन के लिए ड्राइवर चैंपियनशिप जीती थी। वह 2008 में लुईस हैमिल्टन के बाद मैकलारेन के पहले ड्राइवर चैंपियन बने थे।
नॉरिस ने इससे पहले कहा था कि वह अपने पूरे करियर को मैकलारेन के साथ जोड़कर देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “इस समय ऐसा कोई कारण नहीं है कि मैं किसी और जगह जाने के बारे में सोचूं। मैं चाहता हूं कि मेरा पूरा करियर मैकलारेन के साथ हो, क्योंकि मैं यहां खुश हूं और बदलाव नहीं चाहता।”
उन्होंने कहा, “मैं मैकलारेन के साथ तब भी संघर्ष करना चाहता हूं जब चीजें अच्छी नहीं चल रही हों और जब सब कुछ शानदार चल रहा हो, तब भी इसी टीम के साथ जीतना चाहता हूं। इसलिए अपने करियर के अंत में यह कहना मेरे लिए बहुत खुशी की बात होगी कि मैकलारेन ही एकमात्र टीम थी जिसके लिए मैंने रेस की।”
नॉरिस ने 2019 में मैकलारेन के साथ फॉर्मूला-1 में पदार्पण किया था। इससे पहले वह 2017 में टेस्ट और सिम्युलेटर ड्राइवर के रूप में टीम से जुड़े थे।
अब तक नॉरिस ने मौजूदा कंस्ट्रक्टर्स चैंपियन मैकलारेन के लिए 13 ग्रां प्री जीत दर्ज की हैं और 18 पोल पोजीशन हासिल की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे