यूएस ओपन में रिकॉर्ड पुरस्कार राशि से सबालेंका और पेगुला खुश, नए खिलाड़ी सलाहकार परिषद का किया स्वागत

29 Aug 2026 17:26:53
आर्यना सबालेंका


न्यूयॉर्क, 29 अगस्त (हि.स.)। दुनिया की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी बेलारूस की आर्यना सबालेंका और अमेरिकी स्टार जेसिका पेगुला ने यूएस ओपन 2026 में रिकॉर्ड पुरस्कार राशि और नई ग्रैंड स्लैम खिलाड़ी सलाहकार परिषद के गठन का स्वागत किया है।

यूएस ओपन ने इस साल कुल 10.8 करोड़ डॉलर (लगभग 900 करोड़ रुपये) की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की है। इसके अलावा चारों ग्रैंड स्लैम ने खिलाड़ियों को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भूमिका देने के लिए सलाहकार परिषद गठित करने की योजना का भी ऐलान किया है।

सबालेंका ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि खिलाड़ी लंबे समय से जिस बदलाव की उम्मीद कर रहे थे, अब वह दिशा दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा, “हम बहुत खुश हैं कि आखिरकार हम उस मुकाम पर पहुंच रहे हैं, जहां हम शुरुआत से पहुंचना चाहते थे।”

दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि नई व्यवस्था से खिलाड़ियों और टूर्नामेंट आयोजकों के बीच तनाव कम होगा। इससे पहले खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच मतभेद के कारण फ्रेंच ओपन और विंबलडन में खिलाड़ियों ने मीडिया से बातचीत का समय सीमित कर दिया था।

सबालेंका ने कहा, “उम्मीद है कि भविष्य में हमें मीडिया या किसी टूर्नामेंट का बहिष्कार नहीं करना पड़ेगा। हम सभी खुश रहेंगे और शुरुआत से हम यही चाहते थे।”

इस साल खिलाड़ियों ने मीडिया से अपनी बातचीत करीब 15 मिनट तक सीमित रखी, जो ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों द्वारा खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के रूप में दिए जाने वाले लगभग 15 प्रतिशत राजस्व हिस्से का प्रतीकात्मक विरोध था।

वहीं, पेगुला ने कहा कि पुरुष और महिला खिलाड़ियों की एकजुट मांगों ने खिलाड़ी सलाहकार परिषद के गठन में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने मिलकर शानदार काम किया है और ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में इस तरह की परिषद का गठन पहले कभी नहीं हुआ था।

पेगुला ने कहा, “खिलाड़ियों ने जो हासिल किया है, वह शानदार है। ग्रैंड स्लैम के साथ परिषद, खिलाड़ी कल्याण के लिए योगदान और पुरस्कार राशि में एक और बढ़ोतरी जैसी चीजें पहले कभी नहीं हुईं।”

उन्होंने कहा कि पुरुष और महिला खिलाड़ियों, विशेषकर शीर्ष खिलाड़ियों की एकजुटता ने ग्रैंड स्लैम आयोजकों पर खेल को आगे बढ़ाने के लिए लगातार दबाव बनाया।

हालांकि, पेगुला ने साफ किया कि खिलाड़ियों की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि परिषद की संरचना, उसमें शामिल होने वाले सदस्यों और उसके काम करने के तरीके को लेकर अभी काफी चर्चा होनी बाकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0