अंकारा, 29 अगस्त (हि.स.)। काला सागर में तुर्किये द्वारा संचालित दो जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बाद तुर्किये ने यूक्रेन के राजदूत को विदेश मंत्रालय तलब कर नाराजगी जताई है। तुर्किये के कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, अंकारा ने इन हमलों को लेकर यूक्रेन के समक्ष अपनी गंभीर चिंता दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन के अंकारा स्थित राजदूत नरीमान ज्जेल्यालोव को उस घटना के बाद विदेश मंत्रालय बुलाया गया, जिसमें तुर्किये संचालित जहाज लीडर बोर्डो मावी को 26 अगस्त को तुआप्से के निकट निशाना बनाया गया था।
इसके अगले दिन स्थिति और गंभीर हो गई, जब क्षतिग्रस्त जहाज को खींचकर सुरक्षित स्थान तक ले जाने के लिए भेजे गए लीडर कोकातेपे को भी निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई।
बैठक के दौरान तुर्किये ने इन घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कूटनीतिक सूत्रों ने बताया कि अंकारा ने काला सागर क्षेत्र में लोगों की जान, संपत्ति, समुद्री नौवहन और पर्यावरण की सुरक्षा को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
तुर्किये ने यूक्रेन को स्पष्ट किया कि काला सागर में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय