खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दम, तीन किमी दौड़ में सुखवीर सिंह बघेल रहे प्रथम

29 Aug 2026 18:07:53
प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दम


हाथरस, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद। क्षेत्र के गांव बरामई में हाकिम सिंह बघेल की पुण्यतिथि के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामखिलाड़ी बघेल ने की। प्रतियोगिताओं में दौड़ और लंबी कूद शामिल थीं। इनमें आसपास के क्षेत्रों से आए युवाओं और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी प्रतियोगिता देखने पहुंचे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा रहे, जबकि प्रमुख उद्योगपति विनय अग्रवाल विशिष्ट अतिथि थे। आयोजक योगेश बघेल ने अतिथियों का साफा पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। बालक वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ में सुखवीर सिंह बघेल ने पहला स्थान हासिल किया। लवकेश मधाका ने दूसरा स्थान , ताजपुर निवासी आदेश चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की एक किलोमीटर दौड़ में फरीदाबाद निवासी सोनिया उपाध्याय ने 3 मिनट 7 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। पारसौली निवासी रंजन पाल ने भी 3 मिनट 7 सेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भरतपुर निवासी गोलू 3 मिनट 16 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

लंबी कूद प्रतियोगिता में मथुरा के पालीखेड़ा निवासी करण ने 22.3 फीट की छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया। मथुरा निवासी कृष्णा 21.10 फीट के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मथुरा के गुड़ेरा निवासी प्रदीप ने 20.4 फीट की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को साइकिल, मेडल और 5100 रुपये दिए गए। द्वितीय स्थान पर रहने वालों को मेडल और 2500 रुपये, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और 1500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Powered By Sangraha 9.0