असम बाढ़ : 75 हजार से अधिक प्रभावित परिवारों के खातों में 15,000 की पहली किस्त

03 Aug 2026 14:22:53
The Illustration shared by Assam CM Dr Himanta Biswa Sarma.


गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अंतरिम राहत के तहत 75 हजार से अधिक परिवारों के बैंक खातों में 15-15 हजार रुपये की पहली किस्त सीधे हस्तांतरित की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के पात्र लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार की वित्तीय सहायता भी जारी की गई है। कुल मिलाकर 160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि इस तत्काल सहायता का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द सामान्य जीवन में लौटने और अपने घर-परिवार को फिर से बसाने में मदद करना है। उन्होंने बताया कि विस्तृत क्षति आकलन के आधार पर अंतिम मुआवजे का निर्धारण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि शिवसागर और चराइदेव जिले के गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को अगले कुछ दिनों में अतिरिक्त 10-10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

शिवसागर और चराइदेव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इन जिलों में हुई तबाही टेलीविजन पर दिखाई देने वाली तस्वीरों से कहीं अधिक गंभीर है। उन्होंने कहा कि केवल बाढ़ राहत पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि बिहुबर, नेपालीखूटी, बेतबारी और निमाईजान जैसे गंभीर रूप से प्रभावित गांवों का पुनर्निर्माण भी करना होगा।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0