गुजरात की मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, सतीश पटेल 30,499 मतों से विजयी

03 Aug 2026 14:44:53
मांजलपुर विधानसभा के उप चुनाव में जीत का जश


वडोदरा, 03 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखा रबारी को 30,499 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।

भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने जीत के बाद कहा कि मांजलपुर की जनता ने जिस प्रकार स्वर्गीय योगेश पटेल (योगेश काका) को अपना स्नेह और समर्थन दिया था, उसी प्रकार उन्हें भी भरपूर आशीर्वाद और विश्वास दिया है। उन्होंने इस जीत का श्रेय मांजलपुर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।

कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम चरण में भाजपा की ओर से भय का माहौल बनाया गया, जिसका चुनाव परिणाम पर प्रभाव पड़ा।

उल्लेखनीय है कि मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चुनाव में 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सोमवार को 19 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल को विजयी घोषित किया गया।

इस जीत के साथ भाजपा ने मांजलपुर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और स्वर्गीय योगेश पटेल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सफलता हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0