इजराइल ने कहा- 'गाजा में मौजूदा सैन्य मोर्चे से पीछे नहीं हटेंगे'

03 Aug 2026 20:53:53

यरुशलम, 03 अगस्त (हि.स.)। गाजा में हमास के निरस्त्रीकरण के लिए प्रस्तावित बोर्ड ऑफ पीस की मौजूदा रूपरेखा पर इजराइल ने सार्वजनिक रूप से अपना विरोध दोहराते हुए स्पष्ट किया है कि वह गाजा पट्टी में अपनी वर्तमान सैन्य तैनाती से पीछे नहीं हटेगा और सुरक्षा अभियानों को जारी रखेगा।

एक इजराइली अधिकारी ने कहा, इजराइल गाजा पट्टी में मौजूदा सैन्य स्थिति से पीछे नहीं हटेगा और अपने नागरिकों तथा सैनिकों के खिलाफ किसी भी खतरे को समाप्त करने की कार्रवाई जारी रखेगा।

इस बीच, इजराइल की आपत्तियों के बीच बोर्ड ऑफ पीस के गाजा मामलों के उच्च प्रतिनिधि निकोलाय म्लादेनोव और वरिष्ठ सलाहकार आर्ये लाइटस्टोन ने सोमवार को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने गाजा में सैन्य अभियान रोकने और प्रस्तावित शांति योजना पर सहमति देने का आग्रह किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ऑफ पीस और कुछ अमेरिकी अधिकारियों ने इजराइल के रुख पर असंतोष जताते हुए कहा है कि समझौते की शर्तों से इजराइल को कई महीनों से अवगत कराया जा चुका था। इसके बावजूद अब तक सहमति नहीं बन सकी है।

गाजा में जारी संघर्ष और शांति प्रयासों के बीच इजराइल की इस सख्त स्थिति से प्रस्तावित समझौते के भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0