मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और 13.23 किलो अफीम बरामद

03 Aug 2026 14:39:53
Images Related to the Manipur Operations.


इंफाल, 03 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हथियार, गोला-बारूद तथा 13.230 किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई।

सोमवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के खोंगमान जोन-5 ईस्ट से केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय कैडर और कथित रंगदारी वसूलने वाले जॉयसन खंगेम्बाम उर्फ लोयुम्बा उर्फ टोंडोनबा (28) को गिरफ्तार किया।

इसके एक दिन पहले, रविवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के नोंगाडा थोंगखोंग से केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय कैडर लौरेम्बाम रॉबिन्सन सिंह उर्फ बेनिन (44) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो .32 पिस्तौल, दो मैगजीन और .32 बोर के नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, वह हथियार और गोला-बारूद के अवैध कब्जे, छिपाने और परिवहन में शामिल था।

इसी क्रम में, चुराचांदपुर जिले के सांगाइकोट उपमंडल स्थित टी. खुआंगखाई गांव में छापेमारी के दौरान सेइखोगिन माटे (43) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 13.230 किलो अफीम बरामद की गई।

वहीं, इससे पूर्व मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र के वांगू अहल्लुप सनासम लेइकाई निवासी आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर नगंगबाम नानाओ सिंह (41) को उसके घर से गिरफ्तार किया।

फिलहाल, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0