बांकीपुर उपचुनाव : निर्णायक बढ़त के बाद बोले प्रशांत किशोर, यह मेरी नहीं, जनता की जीत

03 Aug 2026 16:57:53

पटना, 03 अगस्त (हि.स.)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जारी मतगणना के बीच जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने निर्णायक बढ़त हासिल करने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस बढ़त को अपनी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता की जीत बताते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक विधायक चुनने का नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का जनादेश है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लगातार लोगों से आग्रह किया था कि वे इस चुनाव को केवल विधानसभा सीट तक सीमित न समझें, बल्कि इसे बिहार के भविष्य से जुड़े संदेश के रूप में देखें। उन्होंने अपने समर्थन में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें वोट दिया, उनका वे हृदय से धन्यवाद करते हैं। साथ ही जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए भी पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व को बिहार के लिए किसी योग्य, ईमानदार और चरित्रवान व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत किसी से प्रतिद्वंद्विता नहीं है, लेकिन बिहार को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो राज्य के विकास को प्राथमिकता दे सके।

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी यह जीत किसी ठेका-पट्टा, सत्ता के लाभ या राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं है। यह बिहार से पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार दिलाने और राज्य के समग्र विकास की लड़ाई को आगे बढ़ाने का जनादेश है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार की राजनीति जाति, धर्म और मुफ्त राशन जैसे मुद्दों से आगे बढ़े।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में वोट मांगने का आधार विकास, शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुशासन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में रोजगार और अवसर उपलब्ध होंगे तो युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

केंद्र सरकार से विशेष आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बिहार के विकास पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए, जितना अन्य विकसित राज्यों पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि गुजरात को बुलेट ट्रेन मिल सकती है, तो बिहार को कम से कम बेहतर रेल सुविधाएं और आधारभूत ढांचा अवश्य मिलना चाहिए।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करने के बजाय अपने ही राज्य में सम्मानजनक अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि बिहार को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती से लेकर ताजा रुझानों तक जनसुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। अंतिम परिणाम की आधिकारिक घोषणा मतगणना पूरी होने के बाद की जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Powered By Sangraha 9.0