राष्ट्रपति मुर्मु ने उत्कलमणि गोपबन्धु दास की प्रतिमा का किया अनावरण

03 Aug 2026 15:42:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को लाजपत नगर स्थित लाजपत भवन में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रख्यात समाजसेवी, शिक्षाविद एवं पत्रकार उत्कलमणि गोपबन्धु दास की प्रतिमा का अनावरण किया।

राष्ट्रपति ने कार्यक्रम में सबसे पहले लोकसेवक मंडल के संस्थापक और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर उत्कलमणि गोपबन्धु दास की प्रतिमा का अनावरण किया। दिल्ली में स्थापित यह गोपबन्धु दास की पहली प्रतिमा है।

गोपबन्धु दास ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों, अनाथों एवं पीड़ित मानवता की सेवा, शिक्षा के प्रसार तथा राष्ट्र जागरण के लिए समर्पित किया। उनके अतुलनीय सेवा कार्यों के कारण उन्हें ‘उत्कलमणि’ (उड़ीसा का रत्न) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लोकसेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा और राष्ट्रीय सचिव रमानाथ झा ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

लोकसेवक मंडल के मीडिया प्रभारी रविशंकर मिश्र ने बताया कि समारोह में केंद्रीय मंत्री जुअल ओराम, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, डॉ. संत्रुप्त मिश्रा तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। दीपक मालवीय और राजेंद्र कुमार जेना ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सभी ने उत्कलमणि गोपबन्धु दास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने लोकसेवक मंडल के आजीवन सदस्यों एवं पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके साथ स्मृति-चित्र भी खिंचवाए।

इस अवसर पर उत्कलमणि गोपबन्धु दास के परिजन, देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि तथा लोकसेवक मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने गोपबन्धु दास के सेवा, त्याग, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0