आरबीआई की मौद्रिक समीक्षा बैठक शुरू, रेपो रेट में बदलाव की संभावना कम

03 Aug 2026 13:55:53
आरबीआई के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय समीक्षा बैठक यहां सोमवार को शुरू हो गई है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में अयोजित ये बैठक पांच अगस्त तक चलेगी। इस बैठक के निर्णय की जानकारी संजय मल्होत्रा पांच अगस्त को सुबह 10 बजे देंगे।

आरबीआई ने एक्स पोस्ट में केहा कि इनसाइट्स, आकलन और आगे की राह, जल्द ही आ रही है। बैंक ने कहा कि 5 अगस्त को सुबह 10 बजे मौद्रिक नीति समिति स्टेटमेंट के लिए बने रहें। रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष में एमपीसी की दूसरी बैठक जून में की थी। इसमें रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखा था। हालांकि 2027 में महंगाई दर के अनुमान को 4.6 फीसदी से बढ़ाकर 5.1 फीसदी कर दिया था।

आर्थिक मामलों के जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट और महंगाई के जोखिमों को देखते हुए आरबीआई इस बार भी नीतिगत दर रेपो रेट में इस बार कोई बदलाव नहीं करेगा। केंद्रीय बैंक रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर यथावत रख सकता है।

उल्लेखनीय है कि इस वित्त वर्ष 2026-27 में एमपीसी की कुल 6 बैठकें होनी हैं, ये एमपीसी की तीसरी बैठक है। पहली बैठक अप्रैल में हुई थी। आरबीआई ने वृद्धि दर को बढ़ावा देने के लिए पिछले साल नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में 1.25 फीसदी की कटौती की थी, जो फिलहाल 5.25 फीसदी पर बरकरार है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0