रियाद, 03 अगस्त (हि.स.)। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दी गई सुरक्षा धमकी के बाद सऊदी अरब के छह सुपरटैंकरों ने अपना समुद्री मार्ग बदल दिया है। जहाजों की ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, ये टैंकर अब लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने के बजाय अफ्रीका के दक्षिणी सिरे से होकर लंबा समुद्री मार्ग अपना रहे हैं।
समुद्री निगरानी मंच मरीनट्रैफिक के अनुसार, सऊदी ध्वज वाले ये सभी सुपरटैंकर एशियाई देशों में कच्चा तेल उतारने के बाद खाली अवस्था में स्वदेश लौट रहे थे। सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए सभी जहाज एक साथ अफ्रीका के दक्षिणी हिस्से की ओर बढ़ गए हैं और उन्होंने बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने से परहेज किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लंबे समय तक तनावपूर्ण बनी रहती है, तो तेल परिवहन की लागत और यात्रा अवधि दोनों में वृद्धि हो सकती है। बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है, जहां किसी भी तरह का व्यवधान अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा बाजारों पर असर डाल सकता है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय