श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हुए बुमराह, आकिब नबी को मिला मौका

03 Aug 2026 11:12:53
भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)।

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पुरुष चयन समिति ने उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टेस्ट टीम में शामिल किया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए उक्त जानकारी दी।

बीसीसीआई के अनुसार, बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए उपलब्ध नहीं माना गया और चयन समिति ने उनके स्थान पर आकिब नबी को मौका दिया।

आकिब नबी के लिए यह भारतीय सीनियर टीम में पहला चयन है। जम्मू-कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्रों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 104 विकेट अपने नाम किए हैं। इनमें 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में 60 विकेट शामिल हैं। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने अपने इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।

हाल ही में आकिब नबी भारत-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे, जहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मुकाबलों में छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

श्रीलंका के खिलाफ भारत की संशोधित टेस्ट टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन , ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।*

* साई सुदर्शन का चयन फिटनेस मंजूरी मिलने के अधीन रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0