गद्दी के लिए छिड़ेगी खूनी जंग, 'मिर्जापुर: द मूवी' को मिला 'ए' सर्टिफिकेट

30 Aug 2026 17:07:53
मिर्जापुर: द मूवी पोस्टर - फोटो सोर्स एक्स


'मिर्जापुर' के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। लोकप्रिय वेब सीरीज की कहानी को आगे बढ़ाने वाली फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने 'ए' यानी एडल्ट सर्टिफिकेट दिया है। करीब 3 घंटे 17 मिनट लंबी इस फिल्म में एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी के लिए खूनी संघर्ष और सत्ता की जंग देखने को मिलेगी।

फिल्म में पुराने दुश्मनों की वापसी के साथ सत्ता हासिल करने के लिए हिंसक टकराव देखने को मिलेगा। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फजल गुड्डू, दिव्येंदु मुन्ना और श्वेता त्रिपाठी गोलू के किरदार को आगे बढ़ाएंगी। वहीं, जितेंद्र कुमार बबलू पंडित की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में किरदारों के बीच बदलते समीकरण, बदला और सत्ता की लड़ाई कहानी को आगे बढ़ाएगी।

'मिर्जापुर: द मूवी' अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित सीरीज 'मिर्जापुर' के तीनों सीजनों की कहानी को आगे ले जाएगी। सीरीज अपनी दमदार अदाकारी, बोल्ड कंटेंट, एक्शन और रोमांचक कहानी के लिए दर्शकों के बीच लोकप्रिय रही है। अब बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया और इसके किरदारों की खूनी जंग को देखने का मौका मिलेगा। फिल्म की लंबी अवधि और 'ए' सर्टिफिकेट के बावजूद प्रशंसकों में इसे लेकर खास उत्साह है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0