नेपाल की नुवाकोट सुरंग में फंसे लोगों को बचाने के लिए ब्लास्टिंग तक की तैयारी

30 Aug 2026 15:48:53
सुरंग में जाने का प्रयास करते हुए


काठमांडू, 30 अगस्त (हि.स.)। नुवाकोट स्थित माथिल्लो त्रिशूली-3 ‘ए’ जलविद्युत परियोजना की सुरंग के अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए भारत से आए एक्सपर्ट ने नेपाली सेना के इंजीनियरों के साथ मिल कर ब्लास्टिंग करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बचाव स्थल पर नेपाली सेना के 66 जवान, प्रशिक्षित कुत्तों सहित विशेष खोज एवं बचाव दल के साथ सशस्त्र पुलिस बल के 18 जवान और नेपाल पुलिस के 6 जवान समेत कुल 90 लोगों की संयुक्त टीम तैनात है। यह टीम दोपहर 2 बजे सुरंग के मुख्य हिस्से (‘क्राउन हेड’) तक पहुंची और वहां 2×3 फीट का छेद बनाया। रस्सी की मदद से टीम नीचे उतरी और अंदर फंसे लोगों को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद बचाव अभियान को और आसान तथा तेज बनाने के लिए बड़े उपकरणों के इस्तेमाल, ब्लास्टिंग और बनाए गए छेद को चौड़ा करने का काम एक साथ जारी रखा गया है। कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल चौबीसों घंटे लगातार अभियान में जुटा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0