लोकसभा अध्यक्ष ने सरदार हुकम सिंह को जयंती पर किया नमन

30 Aug 2026 10:54:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल सरदार हुकम सिंह की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया।

बिरला ने एक्स पर लिखा, सरदार हुकम सिंह कानून के जानकार, बेहतरीन वक्ता और ऐसे काबिल पीठासीन अधिकारी थे जिन्होंने अपने व्यवहार से निष्पक्षता, अनुशासन, आम सहमति और संसदीय मर्यादा को स्थापित किया। उन्होंने सदन के कामकाज में कई अच्छी परंपराएं स्थापित की और संसदीय लोकतंत्र के प्रभावी कामकाज के लिए सदन में अनुशासन तथा मर्यादा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उनका मानना था कि संसद सदस्यों को गरिमा के साथ अपनी बात रखनी चाहिए और संविधान द्वारा दी गई अभिव्यक्ति की आजादी का इस्तेमाल भी उचित संसदीय तरीके से किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हुकम सिंह का जीवन सिखाता है कि संसदीय लोकतंत्र की मजबूती केवल कानूनों और संवैधानिक प्रावधानों से नहीं आती है। इसे वे लोग मजबूत बनाते हैं जो नियमों का सम्मान करते हैं विरोधी विचारों को सुनते हैं फ़ैसलों में निष्पक्ष रहते हैं और अपने पद की गरिमा को सर्वोच्च स्थान देते हैं। भारतीय संसद की संस्थागत परंपराओं को मजबूत करने वाले ऐसे महान संसदीय व्यक्तित्व का योगदान हमेशा यादगार रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0