मुंबई, 30 अगस्त (हि.स.)। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की मुंबई टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के एक संगठित गिरोह के छह लोगों के पास से 6.65 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है।
बरामद सोने की अनुमानित कीमत 10.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में एयरलाइन के एक कॉन्ट्रैक्ट ग्राउंड स्टाफ भी शामिल है। इस मामले की गहन छानबीन डीआरआई टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारी ने बताया कि यह संगठित गिरोह दुबई, बैंकॉक और माले जैसे अंतरराष्ट्रीय रूट से मुंबई के रास्ते यात्रा करने वाले ट्रांजिट यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ की मदद से सोने की तस्करी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुनाफ जमादार (23), मोहम्मद मोहिउद्दीन (36), मोहम्मद इस्माइल हुसैन (37), मोहम्मद राशेदुल आलम (38), मोहम्मद अबू नासर (38) और मोहम्मद नाज़िमुद्दीन (30) के रूप में हुई है।
डीआरआई टीम को जानकारी मिली थी कि एयरलाइन में ग्राउंड स्टाफ के तौर पर काम करने वाला मुनाफ जमादार सोने की तस्करी में शामिल है। यह भी पता चला था कि वह एयरपोर्ट परिसर के बाहर किसी व्यक्ति को तस्करी का सोना सौंपने वाला है। इसी सूचना के आधार पर शनिवार की रात को डीआरआई टीम एयरपोर्ट पर निगरानी कर रही थी। जैसे ही जमादार को बीती रात रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। उसकी पिछली जेबों से अंडे के आकार के सात कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें मोम के रूप में सोने का बुरादा छिपाया गया था।
पूछताछ के दौरान जमादार ने कथित तौर पर संगठित गिरोह से जुड़े पांच अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी, जो सभी बांग्लादेशी नागरिक और ट्रांजिट यात्री थे। डीआरआई की टीम ने इस कार्रवाई में कुल 6,650 ग्राम सोना जब्त किया। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सोने की कीमत 10.75 करोड़ रुपये है । मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है। संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य संचालकों की भूमिका का पता लगाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच आगे बढऩे के साथ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव