अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की धमकी से मचा हड़कंप

31 Aug 2026 20:05:53
अहमदाबाद एयरपोर्ट


अहमदाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

धमकी मिलने के बाद फ्लाइट को तत्काल अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया। फ्लाइट के एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतरने के बाद उसे आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विशेष बसों के जरिए एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 में पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। मौके पर फायर विभाग की तीन गाड़ियां, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीम पहुंची। विमान के अलावा यात्रियों के सामान और कार्गो क्षेत्र की भी गहन जांच की गई।

पुलिस के अनुसार फ्लाइट के बाथरूम से क्रू मेंबर को कागज का एक टुकड़ा मिला, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

प्राथमिक जांच में विमान से इसके अलावा कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। धमकी किसने और किस उद्देश्य से दी, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल-2 में रखा गया है और विमान की जांच जारी है। घटना के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0