भारत-नेपाल समन्वय बैठक: दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा मजबूत करने और तस्करी रोकने पर जताई सहमति

31 Aug 2026 19:30:53
भारत नेपाल समन्वय समिति की बैठक में शामिल दोनों देशों के अधिकारी।


पिथौरागढ़, 31 अगस्त (हि.स.)। भारत और नेपाल के अधिकारियों ने सोमवार को सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने, सुरक्षा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा मादक पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर सहमति जताई।

जिला कार्यालय सभागार में आयोजित भारत-नेपाल समन्वय बैठक में पिथौरागढ़ के साथ नेपाल के बैतड़ी और दार्चुला जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने भारतीय पक्ष का नेतृत्व किया, जबकि बैतड़ी की मुख्य जिलाधिकारी मीना अर्याल और दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने नेपाली पक्ष का प्रतिनिधित्व किया।

बैठक में सीमा पर तैनात पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), कस्टम और अन्य सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट समयबद्ध तरीके से साझा करने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने और सीमा पार आवाजाही करने वाले लोगों के सत्यापन और दस्तावेजों की जांच में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

अधिकारियों ने मादक पदार्थों, अवैध सामग्री और वन्य उत्पादों की तस्करी रोकने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त समन्वय तंत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा की।

सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच त्वरित सूचना तंत्र विकसित करने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने आपदा के समय एक-दूसरे को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने पर जोर दिया।

भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले झूला पुलों की नियमित निगरानी, सुरक्षा और रखरखाव का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण ढांचों का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

नेपाली अधिकारियों ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे संवाद दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूत करते हैं।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और जनहित से जुड़े मामलों में समन्वय को और मजबूत करने तथा नियमित अंतराल पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित दोनों देशों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नेपाली अधिकारियों ने सौर किले का भ्रमण किया

भारत-नेपाल समन्वय बैठक में शामिल होने पिथौरागढ़ पहुंचे बैतड़ी और दार्चुला के नेपाली प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को ऐतिहासिक सौर किले का भी भ्रमण किया। अधिकारियों ने किले के इतिहास, वास्तुकला और पिथौरागढ़ की सांस्कृतिक विरासत की जानकारी ली। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच इस तरह के सांस्कृतिक संपर्कों को आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0