

- केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी जिले में सड़कों के निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
शिवपुरी, 31 अगस्त (हि.स.)। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बुनियादी सुविधाओं और सड़क के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पिछोर विधानसभा क्षेत्र को सड़क विकास की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने धपौरा से तैरई मार्ग तथा भगारी-रामपुर-टपरन मार्ग के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के बनने से पिछोर विधानसभा क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था और ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
सिंधिया ने धपौरा से तैरई मार्ग के 3.17 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही भगारी-रामपुर-टपरन मार्ग के 3.30 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को आवागमन तथा ग्रामीण परिवारों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में सड़क नेटवर्क मजबूत होने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। आज सड़कों से जुड़े कार्यों की सौगात इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। आने वाले समय में भी पिछोर विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी और क्षेत्र प्रगति एवं समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा।
पिछोर विधानसभा क्षेत्र में बामौरकलां उप तहसील एवं पिपरा विद्युत उपकेंद्र कालोकार्पण
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए बामौरकलां में नवनिर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया। लगभग 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस उप तहसील के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 70 गांवों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
दरअसल, स्थानीय नागरिकों ने गत दिनों जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में उप तहसील स्थापित किए जाने की मांग रखी थी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा किया गया है। उप तहसील के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी तथा लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र के पिपरा में 1.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया। इस विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिक लाभान्वित होंगे। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ होने से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों एवं अन्य उपभोक्ताओं को बेहतर और अधिक सुचारु बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
क्षेत्रवासियों ने दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को सुविधाजनक एवं सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र तथा पांच रुपये में विद्युत कनेक्शन योजना के पत्र सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर