मप्र के अशोकनगर में दो बाइकों की भिड़ंत, एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत

31 Aug 2026 23:42:53
सड़क हादसा (प्रतीकात्मक)


दो बाइकों की भिड़ंत


अशोकनगर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में सोमवार शाम को आरोन रोड पर तौकली गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खैजरा खुर्द निवासी 35 वर्षीय शिवराज अपनी पत्नी धनकुबेर (32) और सात वर्षीय बेटे कल्ला के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तौकली गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवराज, उनकी पत्नी धनकुबेर और सात वर्षीय बेटे कल्ला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर 52 वर्षीय बालवीर अहिरवार, उनकी पत्नी गुड्डी बाई और दामाद संतोष सवार थे। हादसे में बालवीर अहिरवार की भी मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गुड्डी बाई और दामाद संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर बताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

हादसे में मृतक शिवराज अशोकनगर में अंबेडकर भवन के पास फोटोग्राफी की दुकान चलाता था। रक्षाबंधन पर वह परिवार के साथ गांव गया हुआ था। परिजनों के अनुसार, बेटे का स्कूल मंगलवार से खुलना था, इसलिए दंपती उसे लेकर अशोकनगर वापस आ रहे थे, तभी तौकली गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में सात वर्षीय कल्ला और उसकी मां धनकुबेर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शिवराज को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि शिवराज अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके चार बेटियां और एक बेटा था। हादसे में बेटे कल्ला की भी मौत हो गई। परिवार में अब उसकी तीन बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता ही रह गए हैं। एक ही हादसे में माता-पिता और इकलौते बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0