आकलन वर्ष 2026-27 के लिए रिकॉर्ड 7.5 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल

31 Aug 2026 22:34:53
आयकर विभाग के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर है। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक रिकॉर्ड 7.5 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए जा चुके हैं। कारोबार या पेशेवर करदाताओं के लिए आईटीआर फाइल करने की निर्धारित समय-सीमा 31 अगस्त मध्यरात्रि तक है।

आयकर विभाग ने सोमवार को ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया कि दोपहर तक 7.5 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल किए जा चुके थे। इनमें 31 जुलाई की समय-सीमा तक दाखिल किए गए 5.9 करोड़ से अधिक आईटीआर-1 और आईटीआर-2 भी शामिल हैं। पिछले साल आकलन वर्ष 2025-26 के लिए ऑडिट के दायरे में नहीं आने वाले मामलों में 16 सितंबर, 2025 की बढ़ाई गई समय-सीमा तक 7.3 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए गए थे।

विभाग ने कहा कि कारोबार या पेशेवर आमदनी वाले और ऑडिट के दायरे में नहीं आने वाले करदाताओं के लिए आईटीआर दाखिल करने की समय-सीमा 31 अगस्त मध्यरात्रि को समाप्त हो रही है। ऐसे में आज रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इस श्रेणी के करदाता अपने लिए लागू आईटीआर-3, आईटीआर-4, आईटीआर-5 या आईटीआर-7 दाखिल कर आईटीआर-3 उन व्यक्तियों और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) के लिए है, जिनकी आय स्वामित्व वाले कारोबार या पेशे से होती है।

इसके अलावा आईटीआर-4 छोटे और मध्यम करदाताओं के लिए सरल फॉर्म है। वहीं, आईटीआर-5 फर्म, सीमित देयता भागीदारी (एलएलपी) और सहकारी समितियां दाखिल करती हैं। कंपनियां कंपनी कानून के तहत आईटीआर-6 दाखिल करती हैं, जबकि ट्रस्ट और धर्मार्थ संस्थाएं आईटीआर-7 दाखिल करती हैं या सकते हैं। अगर आपने अभी तक अपना आईटीआर 3, 4, 5 या 7 (बिना ऑडिट वाला) फ़ाइल नहीं किया है, तो आखिरी समय का इंतजार न करें, अभी फाइल करें।

उल्लेखनीय है कि आकलन वर्ष 2026-27 के लिए कारोबार या पेशेवर आय वाले और ऑडिट के दायरे में नहीं आने वाले करदा ताओं के लिए आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त, 2026 है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0