दिल्ली में सोमवार को समावेश उत्सव होगा आयोजित, देशभर से 700 लोग होंगे शामिल

31 Aug 2026 18:13:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। केन्द्र सरकार मंगलवार को दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (डीएआईसी) में समावेश उत्सव आयोजित करेगा। इसमें देश भर से 700 सामुदायिक नेताओं, कारीगरों और लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार इस कार्यक्रम को मंत्रालय के अंतर्गत संचालित विकास और कल्याण बोर्ड (डीडब्ल्यूबीडीएनसी) आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य गैर-अधिसूचित, खानाबदोश और अर्ध-खानाबदोश समुदायों के समावेशन, सशक्तिकरण और प्रगति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में डीएनटी कारीगरों के विशेष स्टॉल और भारत-तुलिप हेरिटेज स्टोर लगाए जाएंगे, जहां पारंपरिक शिल्प और उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। डीएनटी समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण की 'एसईईडी' (सीड) योजना के तहत मिली सफलताओं की कहानियों और केंद्र सरकार की अन्य कल्याणकारी पहलों को रेखांकित किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और केन्द्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा शिरकत, डीडब्ल्यूबीडीएनसी के वरिष्ठ प्रतिनिधि भरतभाई बाबूभाई पटनी और प्रवीण शिवाजीराव घुगे सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 21 फरवरी 2019 को गैर-अधिसूचित, खानाबदोश और अर्ध-खानाबदोश समुदायों के कल्याणकारी कार्यक्रमों के सुचारू कार्यान्वयन के लिए डीडब्ल्यूबीडीएनसी का गठन किया था। इसके अलावा, इन समुदायों के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आवास जैसे क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए 'सीड' योजना शुरू की गई। वर्तमान में यह योजना आठ राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में लागू की जा रही है, जहां राज्य सरकारें डीएनटी प्रमाण पत्र जारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0