मयंक अग्रवाल ने डरहम के साथ चार मैचों का काउंटी चैंपियनशिप करार किया

31 Aug 2026 18:21:53
मयंक अग्रवाल


चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने इंग्लैंड की काउंटी टीम डरहम के साथ मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप डिविजन-दो सत्र के अंतिम चरण के लिए चार मैचों का करार किया है। डरहम ने सोमवार को इसकी घोषणा की।

35 वर्षीय मयंक अग्रवाल टीम के मुख्य कोच रयान कैंपबेल की अगुआई वाली डरहम टीम से जुड़ेंगे।

टीम डिविजन-दो से पदोन्नति हासिल करने की कोशिश में जुटी है। मयंक आगामी मुकाबले में नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ डरहम के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड बेडिंघम की जगह लेंगे, जो अपने देश लौट गए हैं।

कैंपबेल ने कहा, “हमें खुशी है कि मयंक डरहम के साथ काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम चरण में जुड़ रहे हैं।

डेविड बेडिंघम के दक्षिण अफ्रीका लौटने के बाद हमारे लिए जरूरी था कि हम एक उच्च स्तर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को टीम में शामिल करें।”

मयंक ने भारत के लिए 21 टेस्ट मैचों में 1,488 रन बनाए हैं। उनके नाम चार शतक हैं, जिसमें 2019 में इंदौर में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया गया 243 रन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी शामिल है।

उन्होंने भारत के लिए पांच एकदिवसीय मैच भी खेले हैं, जिसमें 86 रन बनाए हैं।

कैंपबेल ने मयंक के प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड की तारीफ करते हुए कहा कि टीम को उनसे डिविजन-दो से डिविजन-एक में वापसी की कोशिश में काफी उम्मीदें हैं।

मयंक को इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव भी है।

उन्होंने 2025 काउंटी चैंपियनशिप सत्र के अंतिम चरण में यॉर्कशायर का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने 201 रन बनाए थे, जिसमें डरहम के खिलाफ उनकी आखिरी पारी में खेली गई 175 रन की मैच जिताऊ पारी भी शामिल थी।

मयंक अपने प्रथम श्रेणी करियर में 9,000 रन पूरे करने के करीब हैं। उनके नाम 21 शतक भी दर्ज हैं।

इसके अलावा उन्होंने विभिन्न भारतीय प्रीमियर लीग टीमों के लिए टी20 क्रिकेट में 5,000 से अधिक रन बनाए हैं। वह 2025 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने चोटिल देवदत्त पडिक्कल की जगह टीम में प्रवेश किया था।

डिविजन-दो की अंक तालिका में डरहम फिलहाल शीर्ष पर है और टीम को उम्मीद है कि मयंक का शीर्ष क्रम का अनुभव उसे अगले सत्र में डिविजन-एक में वापसी दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

इंग्लैंड के घरेलू सत्र में इस समय कई भारतीय खिलाड़ी भी खेल रहे हैं। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार वार्विकशायर से फिर जुड़ रहे हैं, जबकि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव यॉर्कशायर के लिए खेलेंगे। सरे की टीम में भारत के लेग स्पिनर राहुल चाहर और बल्लेबाजी ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर भी शामिल हैं। सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर औकिब नबी के भी सरे से जुड़ने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0