
मैड्रिड, 31 अगस्त (हि.स.)। स्पेनिश दिग्गज रियल मैड्रिड ने रेसिंग सैंटेंडर के 19 वर्षीय मिडफील्डर सर्जियो मार्टिनेज को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। रेसिंग सैंटेंडर ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। मार्टिनेज ने मौजूदा सत्र के शुरुआती मुकाबले में गोल भी किया था।
रियल मैड्रिड ने मार्टिनेज के लिए 30 लाख यूरो की रिलीज क्लॉज को सक्रिय किया और उनके साथ जून 2030 तक का करार किया है।
इस बीच, रियल मैड्रिड के मुख्य कोच जोस मोरिन्हो ने कहा है कि क्लब की इस गर्मियों की ट्रांसफर गतिविधियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह मौजूदा टीम से संतुष्ट हैं और फिलहाल किसी नए खिलाड़ी की मांग नहीं की है।
मोरिन्हो ने गुरुवार को रियल सोसिएदाद के खिलाफ होने वाले रियल मैड्रिड के ला लीगा के शुरुआती मुकाबले से पहले पत्रकारों से कहा, “मेरे लिए टीम पूरी है, लेकिन ट्रांसफर बाजार अभी खुला है। सैद्धांतिक तौर पर कोई और सौदा नहीं होगा, लेकिन कुछ भी हो सकता है। मेरे दिमाग में टीम पूरी है और मैंने किसी खिलाड़ी की मांग नहीं की है। मैं अपने खिलाड़ियों से बहुत खुश हूं।”
रियल मैड्रिड को ट्रांसफर विंडो के दौरान मिडफील्ड में और मजबूती के लिए कई खिलाड़ियों से जोड़ा गया था। क्लब की नजर रोद्री पर भी थी, लेकिन वह अंततः बार्सिलोना से जुड़ गए।
लुका मोड्रिच और टोनी क्रूस के जाने के बाद रियल मैड्रिड के मिडफील्ड में बड़ा बदलाव आया है। ऐसे में मोरिन्हो के सामने ऑरेलियन तचुआमेनी, एडुआर्डो कामाविंगा, फेडेरिको वाल्वेर्दे और बर्नार्डो सिल्वा जैसे खिलाड़ियों के साथ नई मिडफील्ड संरचना तैयार करने की चुनौती है।
हालांकि, मोरिन्हो खिलाड़ियों को पारंपरिक पोजिशन तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं तचुआमेनी को नंबर छह, कामाविंगा को नंबर छह, फेडे को नंबर आठ या बर्नार्डो को नंबर 10 के रूप में तय नहीं करना चाहता। मैच के दौरान भूमिकाएं बदलती रहती हैं।”
मोरिन्हो की रणनीति में किलियन एमबाप्पे, विनीसियस जूनियर और जूड बेलिंगहैम की अहम भूमिका रहने की उम्मीद है। हालांकि, तीनों स्टार खिलाड़ियों को एक साथ मैदान पर उतारते हुए टीम में सही सामंजस्य बनाना मोरिन्हो के सामने बड़ी चुनौती होगी।
उन्होंने कहा, “कोच के लिए समस्या शीर्ष खिलाड़ियों का होना नहीं है। मैं तीनों को एक साथ चाहता हूं। उनकी सकारात्मक खूबियां उनकी किसी भी सामरिक कमी की भरपाई करती हैं। यही वह जगह है जहां मैं उनकी मदद कर सकता हूं।”
मार्टिनेज के जुड़ने से रियल मैड्रिड को मिडफील्ड में एक युवा विकल्प भी मिला है, जबकि मोरिन्हो ने साफ कर दिया है कि फिलहाल वह अपने मौजूदा खिलाड़ियों के साथ ही सत्र की शुरुआत करने को लेकर संतुष्ट हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे