अभिनेता प्रदीप रावत का निधन

04 Aug 2026 22:11:53
प्रदीप रावत - फोटो सोर्स एक्स


भारतीय सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 4 अगस्त मंगलवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए शेयर की, जिसके बाद फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रदीप रावत लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। परिवार की ओर से अंतिम संस्कार को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

प्रदीप रावत ने अपने लंबे अभिनय करियर में हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर घर-घर पहचान बनाई। इसके बाद आमिर खान अभिनीत 'लगान' में देवा के किरदार और फिल्म 'गजनी' में निभाए गए खतरनाक खलनायक के रूप में उन्हें व्यापक लोकप्रियता मिली। उनके प्रभावशाली अभिनय ने उन्हें भारतीय सिनेमा के यादगार कलाकारों में शामिल कर दिया।

साउथ भारतीय सिनेमा में भी प्रदीप रावत ने अपनी अलग छाप छोड़ी। एस.एस. राजामौली निर्देशित तेलुगु फिल्म 'साई' में भिक्षु यादव की भूमिका के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था। पर्दे पर दमदार नकारात्मक किरदार निभाने वाले प्रदीप रावत निजी जीवन में बेहद सरल और विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से भारतीय फिल्म उद्योग ने एक बहुमुखी और प्रतिभाशाली अभिनेता को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0